गुड गवर्नेंस इंडेक्स में जिला हमीरपुर का सराहनीय प्रदर्शन

हमीरपुर ।

जिला सुशासन सूचकांक यानि डिस्ट्रिक्ट गुड गवर्नेंस इंडेक्स (डीजीजीआई) में जिला हमीरपुर ने एक बार फिर सराहनीय प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए इस पुरस्कार के रूप में जिला हमीरपुर को 25 लाख रुपये की राशि मिली है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार को शिमला में आरंभ हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों के डीसी-एसपी के दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान हमीरपुर के उपायुक्त अमरजीत सिंह को यह पुरस्कार प्रदान किया।
इस पुरस्कार के लिए जिला के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों और समस्त जिलावासियों को बधाई देते हुए उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन, अधिकारियों-कर्मचारियों की पूरी टीम की मेहनत तथा सभी जिलावासियों के सहयोग से हमीरपुर को यह पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, सभी अधिकारियों-कर्मचारियों तथा समस्त जिलावासियों का आभार व्यक्त करते हुए अमरजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला हमीरपुर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों की पूरी टीम लगातार समर्पण भाव से कार्य करेगी।
उपायुक्त ने बताया कि जिला सुशासन सूचकांक में आठ मूल विषय जैसे-आवश्यक बुनियादी ढांचा, मानव विकास, सामाजिक संरक्षण, महिला एवं बाल विकास, कानून व्यवस्था, पर्यावरण, पारदर्शिता एवं जवाबदेही और आर्थिक प्रदर्शन आदि शामिल किए गए हैं। इनके अंतर्गत 19 मुख्य केंद्र बिंदुओं एवं 111 संकेतकों के आधार पर सभी जिलों के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। इन सभी मानकों में जिला हमीरपुर का प्रदर्शन सराहनीय रहा है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।