डीसी अमरजीत सिंह ने दशकों पुराना कबाड़ हटवाया,अनावश्यक रूप से जमा किए गए सामान से हो रही थी दिक्कत

हमीरपुर ।

दीपावली के पर्व के लिए जहां सभी लोगों ने अपने-अपने घरों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, अन्य भवनों एवं परिसरों की सफाई करके इन्हें चमकाने में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखी है, वहीं उपायुक्त अमरजीत सिंह ने एक विशेष पहल करते हुए जिला सचिवालय के पूरे परिसर की सफाई एवं मरम्मत के लिए व्यापक अभियान चलाया है।
लगभग एक महीने पहले आरंभ किए गए इस अभियान के दौरान उपायुक्त ने स्वयं जिला सचिवालय के एक-एक कमरे और स्टोर में जाकर निरीक्षण किया तथा इनमें दशकों से जमा किए हुए टूटे-फूटे अनुपयोगी सामान को हटवाने एवं सरकारी नियमों के अनुसार इनकी नीलामी करवाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त के निर्देशों के अनुसार जब पूरे सचिवालय की सफाई की गई तो भारी मात्रा में ऐसा कबाड़ निकला जोकि कई दशकों से स्टोर में पड़ा हुआ था।

इस कबाड़ के कारण सचिवालय के कई कमरों का तो कई वर्षों से उपयोग ही नहीं हो पा रहा था। उपायुक्त की इस पहल का सभी अधिकारी, कर्मचारी और प्रतिदिन अपने कार्यों के सिलसिले मंें जिला सचिवालय में आने वाले लोग काफी प्रशंसा कर रहे हैं।
उधर, उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि जिला सचिवालय में कुछ कमरे पुराने टूटे-फूटे एवं अनुपयोगी सामान से भरे पड़े थे। यह कबाड़ कई वर्षों से अनावश्यक रूप से इन कमरों में पड़ा हुआ था। इससे उपायुक्त कार्यालय की कई शाखाओं में अधिकारियों-कर्मचारियों को बैठने के लिए जगह की कमी भी महसूस हो रही थी तथा प्रतिदिन अपने कार्यों के सिलसिले में यहां आने वाले आम लोगों को भी दिक्कत होती थी। इसके मद्देनजर पूरे सचिवालय की विभिन्न शाखाओं में अनावश्यक रूप से जमा अनुपयोगी सामान को सरकार के नियमों के अनुसार हटाया जा रहा है तथा वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी के साथ इस कबाड़ की नीलामी की जा रही है।

अमरजीत सिंह ने बताया कि सचिवालय के गेट और इसके आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है तथा इसे आम लोगों की सुविधा के लिए चौड़ा किया जा रहा है। उपायुक्त कार्यालय परिसर में ही स्थापित मुख्यमंत्री कार्यालय सैल को आम लोगों की सुविधा के अनुरूप बनाया गया है।
उपायुक्त ने कहा कि एक अधिकारी-कर्मचारी के लिए उसका कार्यालय परिसर उसके घर जैसा ही होता है। इसकी सही देखभाल, मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण करवाना तथा इसमें आने वाले हर बाहरी व्यक्ति को सरकार की ओर से बेहतरीन सुविधाएं प्रदान करना हर अधिकारी-कर्मचारी का प्रथम कर्तव्य है। इसी भावना के साथ जिला सचिवालय में सफाई, मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।