जीपीडीपी तैयार करने में हो आमजन की भागीदारी’

बिझड़ी ।
किसी भी ग्राम पंचायत के चहुमुखी विकास में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकती है। यह योजना तैयार करते समय विकास के सभी पहलुओं को शामिल किया जाना चाहिए। वीरवार को ग्राम पंचायत बिझड़ी और ग्राम पंचायत धंगोटा में आयोजित जागरुकता कार्यक्रमों में जीपीडीपी और पंचायतीराज विभाग की कई अन्य योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इन कार्यक्रमों में आसपास की अन्य ग्राम पंचायतों सकरोह, जमली, महारल, बड़ाग्रां, बल्हविहाल, भैल, समताणा और दंदवीं के जनप्रतिनिधियों, सचिवों, ग्राम पंचायत योजना एवं सुविधा दल के सदस्यों और आम लोगों ने भी भाग लिया।
इस दौरान विभाग के मास्टर ट्रेनर कपिल कुमार ने बताया कि जीपीडीपी में सतत विकास के 17 लक्ष्यों का समावेश बहुत जरूरी है। जीपीडीपी तैयार करते समय इन 17 लक्ष्यों एवं इनसे संबंधित 9 विषयों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पंचायत कार्यालय के पास ही कॉमन सर्विस सेंटरों के निर्माण के लिए राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत पांच लाख रुपये की धनराशि दी जाती है। इन सेंटरों में आम लोग कई तरह के दस्तावेज बड़ी आसानी से बनवा सकते हैं तथा कई अन्य ऑनलाइन सुविधाओं का भी लाभ उठा सकते हैं।
इन कार्यक्रमों के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध नटराज कला मंच के लोक कलाकारों ने गीत-संगीत और लघु नाटक के माध्यम से लोगों को पंचायतीराज विभाग की योजनाओं से अवगत करवाया। स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधियों ने इन कार्यक्रमों के आयोजन के लिए पंचायतीराज विभाग का आभार व्यक्त किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।