भटेड़ और पंजोत में बताई पंचायतीराज विभाग की योजनाएं

हमीरपुर ।

पंचायतीराज विभाग की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) तैयार करने और ग्राम विकास से संबंधित अन्य पहलुओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए पंचायतीराज विभाग ने जिला हमीरपुर में विशेष अभियान आरंभ किया है। इस अभियान के दौरान पंचायत जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के साथ सीधे संवाद के अलावा गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगांे को जागरुक किया जा रहा है।
इसी कड़ी में बुधवार को विकास खंड बमसन की ग्राम पंचायत पंजोत और ग्राम पंचायत भटेड़ में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में आस-पास की अन्य ग्राम पंचायतों बराड़ा, समीरपुर, दरबयार, बगवाड़ा, उटपुर, पुरली, कक्कड़ और भेरडा के जनप्रतिनिधियों, सचिवों, ग्राम पंचायत योजना एवं सुविधा दल के सदस्यों और आम लोगों ने भी भाग लिया।
इस दौरान विभाग के मास्टर ट्रेनर कपिल कुमार ने जीपीडीपी तैयार करने, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, जन योजना अभियान 2024-25 और बाल सभा, महिला सभा तथा ग्राम सभाओं के आयोजन के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने बताया कि पंचायत कार्यालय के पास ही कॉमन सर्विस सेंटरों के निर्माण के लिए राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत पांच लाख रुपये की धनराशि दी जाती है। इन सेंटरों में आम लोग कई तरह के दस्तावेज बड़ी आसानी से बनवा सकते हैं तथा कई अन्य ऑनलाइन सुविधाओं का भी लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के चहुमुखी विकास के लिए जीपीडीपी में सतत विकास के 17 लक्ष्यों का समावेश बहुत जरूरी है। जीपीडीपी तैयार करते समय इन 17 लक्ष्यों एवं इनसे संबंधित 9 विषयों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध नटराज कला मंच के लोक कलाकारों ने गीत-संगीत और लघु नाटक के माध्यम से लोगों को पंचायतीराज विभाग की योजनाओं से अवगत करवाया। उधर, जिला पंचायत अधिकारी शशिबाला ठाकुर ने बताया कि पंचायत जनप्रतिनिधियों, सचिवों और आम लोगों को जीपीडीपी एवं अन्य योजनाओं के प्रति जागरुक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने सभी संबंधित पंचायत जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे इन जागरुकता कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि विभाग की योजनाएं जन-जन तक पहुंच सके।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।