लोन के नाम पर ठगी का मामला निगम से संबंधित नहीं

हमीरपुर ।

हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति विकास निगम के जिला प्रबंधक सोहन लाल ने बताया कि लोन दिलवाने के नाम पर ठगी के मामले में कुछ लोगों की गिरफ्तारी के संबंध में बीते दिनों कुछ समाचार पत्रों में जो समाचार प्रकाशित हुए हैं, वे निगम से संबंधित नहीं हैं। निगम को इस बारे में कोई भी जानकारी नहीं है।
जिला प्रबंधक ने बताया कि निगम के कार्यालय में आने वाले प्रत्येक आगंतुक को निगम की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाती है। लोन के नाम पर ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार लोगों का निगम से कोई वास्ता नहीं है।
कुछ समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार का कड़ा संज्ञान लेते हुए जिला प्रबंधक ने कहा कि निगम में इस तरह का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने विजिलेंस विभाग से भी आग्रह किया है कि उक्त मामले में गिरफ्तार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी ठगी से लोगों को बचाया जा सके।
जिला प्रबंधक ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों को निगम की योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने हेतु पंचायत स्तर पर जागरुकता ऋण शिविरों का आयोजन किया जाता है, जिनमें पात्र लोगों को ऋण संबंधी फार्म निशुल्क प्रदान किए जाते हैं।
जिला प्रबंधक ने इन वर्गों के लोगों से अपील की है कि वे निगम की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे जागरुकता ऋण शिविरों में भाग लें। इसके अलावा किसी भी कार्य दिवस को जिला प्रबंधक के कार्यालय में किसी भी कर्मचारी से निशुल्क फार्म भरवाकर निगम की योजनाओं का लाभ प्राप्त किया जा सकता है। जिला प्रबंधक ने बताया कि निगम की किसी भी योजना का लाभ लेने हेतु कोई भी शुल्क नहीं लिया जाता है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।