कक्कड़ की महिलाएं सीखेंगी खिलौने बनाना, आरसेटी ने आरंभ किया शिविर

हमीरपुर।

पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित, प्रोत्साहित एवं प्रशिक्षित करने के लिए लगातार शिविर आयोजित कर रहा है।
इसी कड़ी में बुधवार को तहसील टौणी देवी के गांव कक्कड़ में स्थानीय महिलाओं के लिए प्रशिक्षण शिविर आरंभ हुआ, जिसमें महिलाओं को सॉफ्ट ट्वायज यानि खिलौने बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने शिविर का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं को आरसेटी के विभिन्न प्रशिक्षण कोर्सों, उद्यमिता और बैंकिंग योजनाओं के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं अपने उद्यम स्थापित कर सकती हैं। इन उद्यमों को स्थापित करने के लिए वे बैंकों की विभिन्न ऋण योजनाओं की मदद ले सकती हैं।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, आरसेटी के फैकल्टी मैंबर विनय चौहान, स्थानीय पंचायत प्रधान रेखा देवी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।