हमीरपुर की मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 29 से

हमीरपुर  ।

विधानसभा क्षेत्र 38-हमीरपुर की मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य 29 अक्तूबर से आरंभ किया जाएगा।
एसडीएम एवं विधानसभा क्षेत्र 38-हमीरपुर के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी संजीत सिंह ने बताया कि मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 29 अक्तूबर से 28 नवंबर तक मतदाता सूचियों में नए नाम शामिल करने के दावे और किन्हीं कारणों से स्थान छोड़ चुके मतदाताओं, मृतकों और अन्य अपात्र लोगों के नाम इन सूचियों से हटाने बारे आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।

ये दावे या आपत्तियां निर्धारित प्रपत्रों- फार्म-6, फार्म-6ए, फार्म-7 और फार्म-8 पर प्राप्त की जाएंगी। दावे या आपत्तियां प्राप्त करने के लिए 9-10 नवंबर और 23-24 नवंबर को विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि इस प्रक्रिया के लिए क्षेत्र के सभी 94 मतदान केंद्रों पर तैनात होने वाले अभिहित अधिकारियों और सुपरवाइजरों के लिए 25 और 26 अक्तूबर को बीडीओ कार्यालय परिसर हमीरपुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 25 अक्तूबर को मतदान केंद्र नंबर एक से 50 तक के अधिकारियों को और 26 अक्तूबर को मतदान केंद्र नंबर 51 से 94 तक के अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
एसडीएम ने इन सभी अधिकारियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के निर्देश दिए हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।