पनयाली की महिलाओं को मशरूम की खेती सिखाएगा आरसेटी

हमीरपुर ।

पंजाब नेशनल बैंक राष्ट्रीय ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर के सौजन्य से सोमवार को नादौन उपमंडल के गांव पनयाली में दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आरंभ हुआ। इस शिविर में स्थानीय महिलाओं को मशरूम की खेती का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
शिविर का शुभारंभ करते हुए आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित करने हेतु संस्थान की ओर से कई प्रशिक्षण कोर्स चलाए जा रहे हैं। ग्रामीण महिलाओं को इन निशुल्क प्रशिक्षण कोर्सों का लाभ उठाना चाहिए तथा अपने उद्यम स्थापित करने चाहिए। अजय कुमार कतना ने बताया कि अपने उद्यम स्थापित करने के लिए महिलाएं बैंकों की विभिन्न ऋण योजनाओं की मदद ले सकती हैं। निदेशक ने बताया कि पनयाली में आरंभ किए गए दस दिवसीय शिविर की प्रतिभागी महिलाओं को खाना, वर्दी, स्टेशनरी का सामान और अन्य सामग्री भी निशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर संस्थान के फैकल्टी मैंबर संजय हरनोट और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।