लोकगीतों और नुक्कड़ नाटक से समझाए आपदा से बचाव के उपाय

नादौन।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी आम लोगों को आपदा से बचाव और सुरक्षित भवन निर्माण के प्रति जागरुक कर रही है। एक अक्तूबर से 15 अक्तूबर तक आयोजित किए जा रहे ‘समर्थ-2024’ के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोक कलाकार आम लोगों को जागरुक कर रहे हैं।
इसी कड़ी में वीरवार को आईटीआई जंगलू और नादौन के बस स्टैंड पर जागरुकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इन कार्यक्रमों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध नटराज कला मंच के लोक कलाकारों ने गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को आपदा से बचाव के उपायों और सुरक्षित भवन निर्माण के प्रति जागरुक किया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षित भवन निर्माण, आपदाओं से सुरक्षा और पारिवारिक आपातकालीन योजना से संबंधित ज्ञानवर्द्धक पाठ्य सामग्री भी वितरित की गई।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।