पंचायत उपचुनाव के मद्देनजर शराब और हथियारों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

हमीरपुर ।

जिला की विभिन्न पंचायतीराज संस्थाओं में रिक्त 8 पदों के लिए 29 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अमरजीत सिंह ने विशेष आदेश जारी किए हैं।
हिमाचल प्रदेश पंचायतीराज अधिनियम 1994 के तहत आदेश जारी करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने 29 सितंबर को मतदान केंद्रों और इसके आस-पास हथियार लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। मतदान डयूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। इसका उल्लंघन करने वाले व्यक्ति को दो साल तक की सजा और जुर्माना हो सकता है।
एक अन्य आदेश जारी करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने उपचुनाव के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों में मतदान की समाप्ति के लिए निर्धारित समय तक की 48 घंटे की अवधि के भीतर शराब की बिक्री और वितरण या किसी भी होटल, रेस्तरां, ढाबे या दुकान इत्यादि में शराब के परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। इसका उल्लंघन करने वालों को छह माह तक की सजा और दो हजार रुपये तक जुर्माना हो सकता है।
एक और आदेश जारी करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने मतदान के दिन मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे के भीतर चुनाव प्रचार या मतदाताओं को लुभाने से संबंधित किसी भी तरह की अन्य गतिविधि और पोस्टर-बैनर इत्यादि पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। इसका उल्लंघन करने वालों को जुर्माना हो सकता है। मतदान प्रक्रिया से संबंधित आधिकारिक सूचनाओं पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।
अमरजीत सिंह ने पंचायत उपचुनाव से संबंधित सभी क्षेत्रों के मतदाताओं से इन सभी आदेशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने तथा अपने मताधिकार का प्रयोग की अपील की है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।