अपने भवनों के विद्युत लोड को अपडेट करवाएं सभी उपभोक्ता

हमीरपुर ।

विद्युत उपमंडल कक्कड़ के सहायक अभियंता अंकज गुप्ता ने आग्रह किया है कि क्षेत्र के जिन उपभोक्ताओं के मकानों, दुकानों और अन्य भवनों का विद्युत लोड ज्यादा है, लेकिन बिजली बोर्ड के रिकॉर्ड में कम दर्ज करवाया गया है, वे इसे अतिशीघ्र अपडेट करवा लें।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता इस बढ़े हुए विद्युत लोड से संबंधित प्रक्रिया को बिजली बोर्ड के वेब पोर्टल एचपीएसईबीएल.इन hpsebl.in पर पूरा करने के बाद इससे संबंधित दस्तावेजों को आगामी कार्रवाई के लिए विद्युत उपमंडल कक्कड़ के कार्यालय में जमा करवा दें। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01972-295447 पर संपर्क किया जा सकता है।
सहायक अभियंता ने बताया कि भविष्य में जांच के दौरान अगर किसी भवन के विद्युत लोड में अनियमितता पाई गई तो उस उपभोक्ता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।