एसडीएम संजय स्वरूप ने बाहनवीं स्कूल के विद्यार्थियों को दी नसीहत

भोरंज ,

महिला एवं बाल विकास विभाग ने वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाहनवीं में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत तनाव प्रबंधन शिविर आयोजित किया, जिसमें एसडीएम संजय स्वरूप ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए एसडीएम ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस युग में विद्यार्थियों में उनके कॅरियर को लेकर अक्सर असमंजस एवं तनाव की स्थिति पैदा हो जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर जीवन में कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। एसडीएम ने कहा कि सभी विद्यार्थी अपने लिए लक्ष्य तय करें और उसे हासिल करने के लिए अपने मन में ठानकर कड़ी मेहनत करें। मोबाइल और सोशल मीडिया पर बहुत ज्यादा व्यस्त रहने के बजाय पुस्तकों का अधिक से अधिक अध्ययन करें।
उन्होंने सभी शिक्षकों और अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों के समक्ष उदाहरण प्रस्तुत करते हुए स्वयं भी पुस्तकों का अध्ययन करें। अभिभावकों और शिक्षकों से सीख लेते हुए बच्चे भी स्वाध्याय के लिए प्रेरित होंगे।
शिविर के दौरान मनोचिकित्सक डॉ. अराधना ने विद्यार्थियों को किशोरावस्था की विभिन्न समस्याओं और विशेषकर, तनाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी तथा इनसे निपटने के उपायों से भी अवगत करवाया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के वृत्त पर्यवेक्षक एवं संरक्षण अधिकारी अभिषेक ठाकुर ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना और विभाग की कई अन्य योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के आयोजन के लिए एसडीएम और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए प्रधानाचार्य प्रबोध ठाकुर ने कहा कि इस शिविर में कई ऐसी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं जोकि विद्यार्थियों के जीवन में बहुत बड़े परिवर्तन ला सकती हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को इन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील भी की।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।