स्वच्छता की शपथ ली और सरकारी कार्यालय परिसरों की सफाई भी की

एडीएम ने स्वच्छता जागरुकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

हमीरपुर ,

स्वच्छता ही सेवा-2024 के शुभारंभ अवसर पर मंगलवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों, शहरी निकायों, सरकारी कार्यालय परिसरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया गया और स्वच्छता की शपथ ली गई।
उपायुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित सफाई अभियान के दौरान एडीएम राहुल चौहान ने अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और स्वच्छता जागरुकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर राहुल चौहान ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक जिले भर में स्वच्छता ही सेवा-2024 के तहत व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान कूड़े के हॉट स्पॉट्स की सफाई के अलावा जलस्रोतों और सार्वजनिक स्थलों की भी सफाई की जाएगी तथा प्लास्टिक के कचरे को एकत्रित करके इसके दोबारा उपयोग के लिए विभिन्न संयंत्रों को भेजा जाएगा। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
उधर, नगर परिषद के परिसर में भी स्वच्छता की शपथ ली गई और परिषद के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने स्वच्छता जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान नगर परिषद कार्यालय परिसर और शहर के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय और कई अन्य सरकारी कार्यालय परिसरों में भी अधिकारियों-कर्मचारियों ने सफाई की।
जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर ने बताया कि मंगलवार को जिले की ग्राम पंचायतों में सफाई अभियान के साथ-साथ पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए तथा प्लास्टिक का कचरा एकत्रित किया गया।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।