रंगस स्कूल के विद्यार्थियों को समझाए मौलिक कर्तव्य

हमीरपुर ।

जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस के उपलक्ष्य पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रंगस में विधिक जागरुकता शिविर आयोजित किया। शिविर की अध्यक्षता प्राधिकरण के सचिव एवं वरिष्ठ सिविल जज असलम बेग ने की।
इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) की विभिन्न योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ रैगिंग विरोधी कानून, नशे की समस्या एवं एनडीपीएस एक्ट, मोटर वाहन अधिनियम और भारतीय संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों से भी अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि शिक्षण संस्थानों में रैगिंग रोकने के लिए एक सख्त कानून बनाया गया है। इसमें बहुत ही कड़े प्रावधान किए गए हैं। इसके अलावा रैगिंग की त्वरित शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
विद्यार्थियों से यातायात के नियमों के पालन की अपील करते हुए असलम बेग ने कहा कि सड़क पर अधिकतर दुर्घटनाएं मानवीय गल्तियों के कारण ही होती हैं तथा इनमें हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग असमय मौत के आगोश में चले जाते हैं। इसलिए, प्रत्येक नागरिक को यातायात के नियमों का अक्षरशः पालन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकार दिए गए हैं, लेकिन इनके साथ-साथ देश एवं समाज के लिए विभिन्न कर्तव्यों का भी उल्लेख किया गया है। हमें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में इन कर्तव्यों का निर्वहन अवश्य करना चाहिए। असलम बेग ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण की अपील भी की।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने शिविर के आयोजन के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।