हमीरपुर में शूटिंग के कोच के लिए आवेदन 30 तक

हमीरपुर।

ऑलमाइटी एजूकेशन सोसाइटी हमीरपुर के परिसर में स्थापित शूटिंग के खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर में 25 हजार रुपये मासिक मानदेय पर एक कोच की नियुक्ति की जाएगी।
खेलो इंडिया योजना के तहत भरे जा रहे इस पद के लिए पात्र खिलाड़ी या कोच 30 सितंबर शाम 5 बजे तक सभी आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रमाण पत्रों सहित जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में आवेदन कर सकते हैं।
जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी विवेक वर्मा ने बताया कि इस पद के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है, लेकिन शूटिंग के खेल में उत्कृष्टता एवं उच्च योग्यता के आधार पर आयु सीमा में छूट भी दी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ी को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के पदक विजेता और उसके पश्चात राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के प्रतिभागी को प्राथमिकता मिल सकती है। विवेक वर्मा ने पात्र खिलाड़ियों या कोच से इस पद के लिए आवेदन करने की अपील की है।
अधिक जानकारी के लिए जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।