पोषण व्यवहार में परिवर्तन के लिए अग्रणी भूमिका निभाएं युवा

हमीरपुर ।

विद्यार्थियों को सही पोषण के प्रति जागरुक करने के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय टौणीदेवी ने वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला उटपुर में एक संवाद सत्र आयोजित किया।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने कहा कि टैक्नोलॉजी में तीव्र गति से आ रहे परिवर्तनों ने हमारे जीवन और जीवन शैली को पूरी तरह से बदलकर रख दिया है। टैक्नोलॉजी ने हमारे जीवन को सुविधाओं से युक्त बनाया है। लेकिन, आरामदायक जीवन शैली और आम दिनचर्या में अकर्मण्यता के कारण हमारे शरीर को कई बीमारियां भी दी हैं। सीडीपीओ ने कहा कि छोटी आयु में ही मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदयाघात अब आम बात हो गई है। इसलिए, आज के दौर में उचित पोषण व्यवहार के प्रति जागरुकता बहुत जरूरी है। इसमें युवा बहुत बड़ी भूमिका अदा कर सकते हैं।
सीडीपीओ ने कहा कि युवा टैक्नोलॉजी में अपनी कुशलता का उपयोग आहार और व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाने और जन-जन के जीवन को बेहतर बनाने में करें। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ रहने एवं उचित पोषण व्यवहार अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य नेक चंद ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है जब उसका उपयोग समाज, राष्ट्र और मानवता के व्यापक हित में किया जाए। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. सुमित राणा और कम्युनिटी हेल्थ आफिसर कंचन ने भी विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं तथा उनके स्वास्थ्य की जांच भी की।
महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर किरण कुमारी और राजेश कुमार के मार्गदर्शन में छात्रों ने मानव सभ्यता के विकास में भोजन के महत्व पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता और भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। कार्यक्रम में लघु नाटिका का मंचन किया गया तथा स्थानीय महिलाओं ने पोषण प्रदर्शनी लगाई।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।