सही खान-पान ही बचा सकता है एनीमिया से

भोरंज,

महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण माह के तहत वीरवार को आंगनवाड़ी केंद्र ढनकरी-2 में वृत्त स्तरीय जागरुकता शिविर आयोजित किया, जिसमें जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पलम का पौधा लगाकर शिविर की शुरुआत की।
इस अवसर पर अनिल कुमार ने बताया कि पोषण माह के दौरान पांच मुख्य विषयों पर विशेष रूप से फोकस किया जा रहा है तथा इन विषयों पर आधारित कई जागरुकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पौष्टिक एवं संतुलित आहार हमें कई गंभीर बीमारियों से बचा सकता है। विशेषकर, छोटे बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के आहार पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
शिविर के दौरान आयुष विभाग की ओर से फ्री एनीमिया चेकअप कैंप भी लगाया गया, जिसमें 51 लोगों के एचबी और ब्लड शुगर की जांच की गई। डॉ. विजेंद्र कुमार ने उपस्थित मातृशक्ति को एनीमिया के कारणों, लक्षणों और इसकी रोकथाम पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि देश की हर दूसरी महिला एनीमिया से ग्रस्त है। खान-पान में सुधार करके हम एनीमिया जैसे रोग से बच सकते हैं। हरी सब्जियां, गुड़, चना और आयरन युक्त भोजन लेने से खून की कमी को दूर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमें अपने खाने में गेहूं को कम करके मोटे अनाज का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आयुर्वेदिक दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के अनुसार आहार पद्धति को अपनाकर हम अपने आहार को सुपाच्य बना सकते हैं। इस अवसर पर योगाभ्यास भी करवाया गया।
शिविर के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल लगाए और पोषण मटके की स्थापना की। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 5 स्थानीय बेटियों को मैडल एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। वृत्त की दो आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और एक सहायिका को उनके अनुकरणीय काम के लिए पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर वृत्त पर्यवेक्षक अभिषेक ठाकुर ने भी पोषण अभियान की जानकारी दी। शिविर में स्थानीय पंचायत प्रधान माया शर्मा, वार्ड सदस्य अवतार सिंह और अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।