जौड़े अंब स्कूल में लगाया अनीमिया परीक्षण शिविर

बड़सर ।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण माह के तहत बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सीनियर सेकेंडरी स्कूल जौड़े अंब में अनीमिया परीक्षण शिविर आयोजित किया। इस शिविर में 14 से 18 वर्ष की 150 किशोरियों की खून की जांच की गई।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की डॉ. किरण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। जबकि, डॉ. नेहा ने स्कूल के विद्यार्थियों को अनीमिया क्या है, इससे होने वाली परेशानियांे और इससे रोकथाम के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भोजन में लौह तत्व की कमी एवं खून की कमी से होने वाली बीमारी अनीमिया को बढ़ावा देती है जो कि महिलाओं एवं किशोरियों में सबसे ज्यादा देखने को मिलती है। भोजन में पर्याप्त मात्रा में लौह तत्व युक्त व प्रोटीन युक्त आहार जैसे हरी पत्तेदार सब्जियां, अंकुरित दालें, गुड़, चना, विटामिन-सी से भरपूर भोज्य पदार्थों जैसे आम्बला, अमरूद, नींबू और संतरा इत्यादि अनीमिया की रोकथाम के सरल उपाय हैं।
शिविर के दौरान 6 माह पूर्ण कर चुके स्थानीय 4 बच्चों के लिए अन्नप्राशन समारोह भी आयोजित किया गया। इसके अलावा स्थानीय पारंपरिक व्यंजन प्रतियोगिता, प्रश्नोतरी प्रतियोगिता भी करवाई गई। कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने पोषण माह आयोजन के सभी विषयों जैसे शारीरिक विकास मापन, सही पूरक आहार, पोषण भी पढ़ाई भी, प्रौद्योगिकी आधारित पारदर्शिता एवं पर्यावरण संरक्षण से लोगों को अवगत करवाया।
इस मौके पर मोरिंगा के पौधे का रोपण भी किया गया जो कि पौष्टिक तत्वों से भरपूर होता है। प्रधानाचार्य पृथ्वी राज शर्मा ने शिविर के आयोजन के लिए ज़िला कार्यक्रम अधिकारी का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी वृत्त सुपरवाइजर अनीता कुमारी, जेंडर स्पेशलिस्ट निशा एवं वंदना और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं भी मौजूद थीं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।