कॅरियर प्वाइंट विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने डाउनलोड किया हिम समाचार ऐप

हमीरपुर ।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के हिम समाचार ऐप और विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध गिरिराज, हिमप्रस्थ, बजट भाषण और कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के बारे में आम लोगों को अवगत करवाने के क्रम में मंगलवार को जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय हमीरपुर के अधिकारियों ने भोरंज के गांव खरवाड़ में स्थित कॅरियर प्वाइंट विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया।
इस दौरान विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस विभाग, माइक्रोबायोलॉजी विभाग और फार्मेसी विभाग के विद्यार्थियों को हिम समाचार ऐप और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की वेबसाइट तथा इस वेबसाइट पर उपलब्ध साप्ताहिक समाचार पत्र गिरिराज और पत्रिका हिमप्रस्थ के संस्करणों, मुख्यमंत्री के बजट भाषण एवं कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत करवाया गया। इन अलग-अलग संवाद सत्रों के बाद विद्यार्थियों को हिम समाचार ऐप को डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया गया। संस्थान के उक्त तीन विभागों के लगभग 670 विद्यार्थियों ने मौके पर ही हिम समाचार ऐप डाउनलोड भी किया।
इस अवसर पर कॅरियर प्वाइंट विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार गुलशन संधू, विश्वविद्यालय के पीआरओ विनोद कुमार, अन्य अधिकारियों और विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने भी हिम समाचार ऐप डाउनलोड किया। उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के इस ऐप और विभाग की वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही महत्वपूर्ण जानकारियों की काफी सराहना की।
पीआरओ विनोद कुमार ने बताया कि कॅरियर प्वाइंट विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के बच्चों को उनके घर के पास ही बेहतरीन व्यावसायिक एवं उच्च शिक्षा की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा है। विश्वविद्यालय वर्तमान दौर की जरुरतों के अनुसार विद्यार्थियों को विभिन्न कोर्सों के रूप में कॅरियर के कई विकल्प प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के हिम समाचार ऐप और वेबसाइट के माध्यम से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध होंगी और वे इनका भरपूर लाभ उठा सकेंगे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।