आरबीआई क्विज में जीतें लाखों के ईनाम, ऑनलाइन पंजीकरण 17 तक

हमीरपुर ,

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की स्थापना के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर स्नातक स्तर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में लाखों रुपये के पुरस्कार जीतने का अवसर है। विभिन्न स्तरों पर आयोजित की जाने वाली इस प्रतियोगिता के लिए 17 सितंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करवाया जा सकता है।
  पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर के निदेशक एवं प्रतियोगिता के जिला समन्वयक अजय कतना ने बताया कि प्रतियोगिता का पहला चरण 19 से 21 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा जोकि ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किया जाएगा।
अगले चरणों में राज्य, जोनल और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं ऑफलाइन होंगी। प्रतिभागियों की आयु 25 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर पहला पुरस्कार 10 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 8 लाख रुपये और तृतीय पुरस्कार 6 लाख रुपये का होगा। राज्य और जोनल स्तर पर भी नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
अजय कतना ने बताया कि प्रतियोगिता का पूरा विवरण आरबीआई की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। निदेशक ने बताया कि वह स्वयं भी व्यक्तिगत रूप से जिला हमीरपुर के विभिन्न कालेजों में जाकर विद्यार्थियों को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने सभी कालेजों के प्रधानाचार्यों से भी अपने-अपने संस्थानों के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की है।
–

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।