नादौन के गांव बदारन में बताया पोषण का महत्व

नादौन ।

महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वाकांक्षी योजना पोषण अभियान के अंतर्गत इस महीने मनाए जा रहे पोषण माह के तहत मंगलवार को नादौन उपमंडल के गांव बदारन में एक जागरुकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर की अध्यक्षता करते हुए विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि हम अपनी आम दिनचर्या में पोषण के प्रति जागरुक रहकर अपने आपको स्वस्थ रख सकते हैं। पौष्टिक एवं संतुलित आहार हमें कई गंभीर बीमारियों से बचा सकता है। विशेषकर, छोटे बच्चों, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं के लिए यह बहुत ही जरूरी है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष पोषण माह में उन विषयगत मुद्दों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है जो हमारे प्रयासों को और सार्थक बनाने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि पोषण अभियान के अंतर्गत किये गये प्रयास पोषण, स्वास्थ्य और ज्ञान से समृद्ध भारत का निर्माण करने में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने पोषण माह के मुख्य विषय अनीमिया, पोषण भी पढ़ाई भी और पूरक आहार इत्यादि की जानकारी प्रदान करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए भी आम जनता से भागीदारी की अपील की।
शिविर के दौरान अन्नप्राशन, पाक कला प्रतिस्पर्धा, बेटी जन्मोत्सव और अन्य गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इस अवसर पर नादौन के बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग, जेंडर स्पेशलिस्ट वंदना ठाकुर और निशा, वितीय साक्षरता विशेषज्ञ नीतू, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और अन्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।