विधायक सुरेश कुमार ने 41 जरुरतमंदों को बांटे 14.57 लाख रुपये

– मुख्यमंत्री राहत कोष वित्तीय सहायता के तहत मंजूर की गई है यह राशि

भोरंज.
भोरंज विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार ने शनिवार को यहां लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित एक कार्यक्रम में क्षेत्र के 41 जरुरतमंद लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष वित्तीय सहायता के तहत लगभग 14.57 लाख रुपये की राशि के दस्तावेज वितरित किए तथा यह राशि ऑनलाइन माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में हस्तांतरित की।इस मौके पर एसडीएम संजय स्वरूप, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजीव लाल मेहर, अन्य पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उन्होंने बताया कि गंभीर बीमारियों के शिकार गरीब एवं जरुरतमंद लोगों को प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित करने के साथ-साथ मुख्यमंत्री राहत कोष से भी आर्थिक मदद प्रदान की जा रही है। सुरेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू इस तरह के जरुरतमंद लोगों की प्राथमिकता के आधार पर मदद करते हैं। उन्होंने बताया कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से सबसे ज्यादा लोगों की मदद की गई है। सुरेश कुमार ने बताया कि अभी इस तरह के कई अन्य मामलों में भी धनराशि मंजूर की गई जोकि शीघ्र ही जरुरतमंद लोगों के खातों में डाल दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे लोगों के लिए यह राशि बहुत बड़ा सहारा साबित होगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।