नादौन में आंगनवाड़ी के 18 पदों के लिए आवेदन 20 सितंबर तक

नादौन ।

बाल विकास परियोजना नादौन के अंतर्गत 18 आंगनवाड़ी केंद्रों में खाली पड़े 18 पदों को भरने के लिए पात्र महिलाओं से 20 सितंबर तक बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय नादौन में सादे कागज पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन पदों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 5 और सहायिका के 13 पद शामिल हैं।
बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्र जलाड़ी भढियारां, ग्वालपत्थर-1, कारगू जागीर, कोहला और आंगनवाड़ी केंद्र मांजरा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का एक-एक पद भरा जाएगा।
इसी प्रकार आंगनवाड़ी केंद्र हरमन्दिर, लेड बनोह, बैहरड, गाहली, बुधवीं, डोडवीं, लोअर हरेटा-2, मनसाई, गलोड़ खास, मझोट, हटली, नादौन-4बी और आंगनवाड़ी केंद्र रैल में सहायिका का एक-एक पद भरा जाएगा।
आवेदक महिला की आयु 18 से 35 वर्ष तक और शैक्षणिक योग्यता कम से कम बारहवीं पास होनी चाहिए तथा उसका नाम संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए।
अभ्यर्थी के परिवार की समस्त स्रोतों से वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक न हो तथा उसका आय प्रमाण पत्र कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी किया गया हो। अगर कोई आंगनवाड़ी सहायिका आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद के लिए आवेदन करती है तो उसके परिवार की वार्षिक आय की गणना में उसके मानदेय को शामिल करने से छूट मिलेगी।
इच्छुक उम्मीदवार सादे कागज पर अपना आवेदन अपने पूर्ण विवरण एवं सभी आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रमाण पत्रों की छाया प्रतियां संलग्न करके 20 सितंबर को सायं 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय नादौन में जमा करवा सकती हैं। उम्मीदवारों के साक्षात्कार 23 सितंबर को इसी कार्यालय में आरंभ होंगे। आवेदकों को साक्षात्कार के लिए अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय नादौन में संपर्क किया जा सकता है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।