हमीरपुर कालेज व श्री साईं विवि पालमपुर ने किया एमओयू

हमीरपुर,
नेताजी सुभाष चंद्र बोष स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर और पालमपुर के श्री साईं विश्वविद्यालय पालमुपर ने समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। हमीरपुर महाविद्यालय की ओर से प्राचार्य डा. प्रमोद सिंह पटियाल और साईं विवि की ओर से डीन साइंस व सीओई प्रो. वीपी पटियाल ने हस्ताक्षर किए। इस समझौता ज्ञापन के लागू होने से दोनों शैक्षिक संस्थानों के छात्रों को शैक्षणिक, करियर व रोजगार संबंधी अवसर मिलेंगे। यह समझौता ज्ञापन 5 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर काम करेगा जिसमें संकाय विकास, रोजगार, प्रशिक्षण कार्यक्रम, शोध को प्रोत्याहित करना व छात्रों को विभिन्न विषयों पर लेक्चर की सुविधा उपलब्ध करवाना है। प्राचार्य डा. प्रमोद सिंह पटियाल ने इस समझौता ज्ञापन पर कहा कि इससे महाविद्यालय के छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अनुभव के साथ ही रोजगार के क्षेत्र में बेहतर संभावनाएं मिलेंगी। इस अवसर पर प्रो. प्रशांत शर्मा भी मौजूद रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।