अमलैहड़ में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के लिए मिली फॉरेस्ट क्लीयरेंस

हमीरपुर ।
ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतरीन शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ की गई राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल योजना के अंतर्गत नादौन विधानसभा क्षेत्र में भी डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन की अमलैहड़ पंचायत में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल की स्थापना के लिए केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने लगभग 2.8 हैक्टेयर भूमि को शिक्षा विभाग के नाम करने के लिए फॉरेस्ट क्लीयरेंस दे दी है। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने इस संबंध में निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन माध्यम से क्लीयरेंस प्रदान करके हिमाचल प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव
(वन) को पत्र के माध्यम से सूचित किया है। वन वृत्त हमीरपुर के अरण्यपाल निशांत मंढोत्रा ने भी इसकी पुष्टि की है।
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद 2.8 हैक्टेयर भूमि को शिक्षा विभाग के नाम हस्तांतरित करने की प्रक्रिया आसानी से पूर्ण हो सकेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने वायदे के मुताबिक नादौन विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल की स्थापना के लिए अधिकारियों को उपयुक्त एवं पर्याप्त जमीन तलाशने के निर्देश दिए थे। व्यापक सर्वे के बाद मुख्यमंत्री ने इस स्कूल के लिए अमलैहड़ में एक बेहतरीन साइट फाइनल की थी, लेकिन वन भूमि होने के कारण केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की मंजूरी के बगैर यहां निर्माण कार्य नहीं किया जा सकता था।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से एफसीए का केस तैयार करवाकर इस मामले का स्वयं भी लगातार फॉलोअप किया, जिसके परिणामस्वरूप राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के लिए फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिल गई।
प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उच्च स्तर की शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में नादौन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अमलैहड़ में भी राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किया जाना है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।