विज्ञान ज्योति गर्ल्स ने किया एनआईटी का दौरा

हमीरपुर ।

विज्ञान ज्योति योजना में पंजीकृत छात्राओं ने बुधवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर का दौरा किया। जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी में जीव विज्ञान की पीजीटी एवं विज्ञान ज्योति की शिक्षक समन्वयक अंजना कुमारी और इसी विद्यालय के अंग्रेजी के पीजीटी अश्वनी कुमार के साथ पहुंचे लगभग 95 छात्राओं के इस दल में नवोदय विद्यालय के साथ-साथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज, पट्टा और खरवाड़ की छात्राएं भी शामिल रहीं।
इन छात्राओं ने एनआईटी हमीरपुर के गणित विभाग, भौतिकी विभाग, मैकेनिकल विभाग, पुस्तकालय और छात्र गतिविधि कॉर्नर का दौरा किया। उन्होंने मैकेनिकल विभाग में फन विद फिजिक्स और टेलीस्कोप के माध्यम से सूर्य का अवलोकन किया।
इस दौरान एनआईटी के गणित विभाग के प्रोफेसर एवं विज्ञान ज्योति कार्यक्रम के नोडल शिक्षक पवन शर्मा ने छात्राओं को जीवन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया और कॅरियर मार्गदर्शन भी प्रदान किया। भौतिकी विभाग के प्रोफेसर अरविंद कुमार ने भी छात्राओं को कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
इस यात्रा का उद्देश्य विज्ञान ज्योति में पंजीकृत छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण पैदा करके विज्ञान को लोकप्रिय बनाना था। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग ने देश में विज्ञान प्रौद्योगिकी इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से मेधावी लड़कियों के लिए विज्ञान ज्योति कार्यक्रम शुरू किया है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।