देश को नशामुक्त बनाने के लिए हम देंगे हरसंभव योगदान, विद्यार्थियोें, अधिकारियों, कर्मचारियों, पंचायत जनप्रतिनिधियों ने ली शपथ’

हमीरपुर,

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सोमवार को जिला हमीरपुर में भी विभिन्न शिक्षण संस्थानों, व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों, अन्य संस्थानों और सभी कार्यालयों में नशामुक्ति की शपथ ली गई। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, पंचायत जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों ने देश को नशामुक्त बनाने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार हरसंभव योगदान देने तथा इस बदलाव की शुरुआत स्वयं से करने का संकल्प लिया।
जिला के विभिन्न शिक्षण संस्थानों और कार्यालयों के अलावा सलासी स्थित जिला पंचायत संसाधन केंद्र हमीरपुर में आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण शिविर के प्रतिभागी पंचायतीराज संस्थानों के जनप्रतिनिधियों ने भी नशा मुक्त भारत अभियान में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।
उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बहुत जरूरी है। विशेषकर, युवाओं को इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में जुड़ना चाहिए। तभी हम नशे की समस्या का उन्मूलन करके मजबूत राष्ट्र एवं स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकते हैं।
उपायुक्त ने जिला के सभी शिक्षण संस्थानों में ‘विकसित भारत का मंत्र, भारत हो नशे से स्वतंत्र’ विषय पर आधारित भाषण प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, रैलियां, पौधारोपण, खेलकूद, मैराथन और अन्य गतिविधियां आयोजित करने की अपील भी की, ताकि नशामुक्ति का संदेश हर बच्चे एवं युवा तक पहुुंच सके।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।