किसी भी समय 181 नंबर पर शिकायत कर सकती हैं महिलाएं

हमीरपुर ।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने मिशन शक्ति के अंतर्गत चलाए जा रहे 100 दिवसीय अभियान के तहत बुधवार को गांव बदारन में एक जागरुकता शिविर आयोजित किया।
इस अवसर पर गांव की महिलाओं को महिलाओं के अधिकारों की रक्षा से संबंधित विभिन्न अधिनियमों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्हें शिशुओं को स्तनपान के महत्व से भी अवगत करवाया गया। शिविर के दौरान ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत गांव की बेटियों के नाम पर पौधारोपण भी किया गया।
मिशन शक्ति की जिला समन्वयक कल्पना ठाकुर ने बताया कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का मुख्य उद्देश्य बाल लिंग अनुपात में सुधार करना है। उन्होंने कहा कि आज लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं हैं। वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।  जिला समन्वयक ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली बेटियों के पंचायत स्तर पर होर्डिंग्स लगाए जाएंगे, जिनमें उनके नाम एवं फोटो प्रदर्शित किए जाएंगे। बोर्ड परीक्षाओं की टॉपर्स लड़कियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
कल्पना ठाकुर ने बताया कि किसी भी तरह की हिंसा एवं अत्याचार की शिकार महिलाओं की त्वरित मदद के लिए हमीरपुर में ‘सखी-वन स्टॉप सेंटर’ की स्थापना की गई है। पीड़ित महिला को इस सेंटर में 5 दिन तक आश्रय दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के अत्याचार की शिकार महिला टॉल फ्री हेल्पलाइन नंबर 181 पर किसी भी समय शिकायत कर सकती है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।