राम चंद्र पठानिया ने किया अंडर-14 खेलों का समापन

भोरंज ।

छात्रों की खंड स्तरीय अंडर-14 स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता मंगलवार को यहां राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज में संपन्न हो गई। कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया ने इस प्रतियोगिता का समापन किया तथा विजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए।
इस अवसर पर नन्हंे खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राम चंद्र पठानिया ने कहा कि खेलों में भाग लेने से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है तथा वे जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं। सभी बच्चों को अपनी आम दिनचर्या में खेलों को अवश्य शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शैक्षणिक ढांचे में व्यापक सुधार के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू कई सराहनीय निर्णय ले रहे हैं। राम चंद्र पठानिया ने कहा कि एक सामान्य परिवार से संबंध रखने वाले ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकारी स्कूल से पढ़ने के बाद प्रदेश के शीर्ष पद पर पहंुचे हैं। वह आम लोगों की समस्याओं को भली-भांति समझते हैं और यही कारण है कि वह जनहित में कई सराहनीय निर्णय ले रहे हैं। सरकारी स्कूलों की कायाकल्प पर वह विशेष रूप से फोकस कर रहे हैं। राम चंद्र पठानिया ने सभी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री के व्यक्तित्व से प्रेरणा लेते हुए जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने तथा उस लक्ष्य को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करने की अपील भी की।
इससे पहले प्रधानाचार्य अनिल डोगरा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। समापन समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रकाश चौधरी, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, प्रतियोगिता के समन्वयक अशोक शर्मा, स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सुषमा देवी, विभिन्न स्कूलों के टीम प्रभारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।