महिलाओं को समान अधिकार से विकसित होता है समाज,मिशन शक्ति के अंतर्गत नादौन में आयोजित किया गया जागरुकता शिविर

हमीरपुर।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने ‘मिशन शक्ति’ और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत सोमवार को नादौन में जेंडर सेंसिटाइजेशन यानि लिंग संवेदीकरण पर एक जागरुकता शिविर आयोजित किया। इस अवसर पर महिलाओं का मार्गदर्शन करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि महिलाओं को समान अधिकार देने से ही एक विकसित समाज का निर्माण होता है।
उन्होंने कहा कि लिंग संबंधी मुद्दों के बारे में जागरुकता बढ़ाकर और लिंग समानता की दिशा में काम करके हम बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं, जहां बेटी-बेटा एक समान हो। महिला एवं बाल विकास विभाग इसके लिए लगातार जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। उन्होंने कहा कि लिंग संवेदीकरण के इन शिविरों का उद्देश्य समाज में पुरुषों और महिलाओं के साथ समान व्यवहार को बढ़ावा देना है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि बेटियों को भी बेटों के बराबर शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि लिंग संवेदीकरण को स्कूल के पाठ्यक्रम, कार्यस्थल की नीतियों और सामुदायिक कार्यक्रमों में समाहित किया जाना चाहिए। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को विभाग की अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी। शिविर में बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग, वृत्त पर्यवेक्षक सीमा और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।
-0-

 

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।