हमीरपुर में कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज,ब्वायज स्कूल के मैदान के बजाय अणु में होगा जिला स्तरीय समारोह

हमीरपुर ।

78वां स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को हमीरपुर में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिला प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां आरंभ कर दी हैं। उपायुक्त अमरजीत सिंह ने शनिवार को विभिन्न विभागों और स्थानीय नगर परिषद के अधिकारियों के साथ बैठक करके जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि इस समय ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर के मैदान का कार्य चला हुआ है। इसलिए, जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह अणु के सिंथेटिक ट्रैक के मैदान में आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता एवं सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और भव्य परेड की सलामी लेंगे। इस परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट्स एंड गाइड्स की टुकड़ियां भाग लेंगी।
उपायुक्त ने कहा कि समारोह में परेड के अलावा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम उच्च स्तर के होने चाहिए। इसके लिए उन्हांेने पुलिस, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को तुरंत तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड, नगर परिषद और अन्य संबंधित विभागांे के अधिकारियों को आयोजन स्थल और इसके आस-पास सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को मौसम खराब रह सकता है। ऐसी परिस्थिति के लिए भी पूरी तैयारी होनी चाहिए।
बैठक में सहायक आयुक्त पवन शर्मा ने समारोह की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। एसपी भगत सिंह ठाकुर, एसडीएम मनीष कुमार सोनी और अन्य अधिकारियों ने भी जिला स्तरीय समारोह के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव रखे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।