जोल सप्पड़ में 180 श्रमिकों के स्वास्थ्य की निशुल्क जांच

हमीरपुर ।

जिला श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय ने शनिवार को जोल सप्पड़ में डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज के नए परिसर के निर्माण स्थल पर श्रमिकों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने लगभग 180 श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच की।
इस अवसर पर श्रम कल्याण अधिकारी रश्मि कुमारी ने श्रमिकों को हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा श्रमिकों के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रमिकों और उनके परिजनों के कल्याण एवं उत्थान के लिए बोर्ड के माध्यम से कई योजनाएं शुरू की गई हैं। इनमें श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच एवं उपचार, बच्चों की शिक्षा, दुर्घटना में श्रमिक के घायल होने या मृत्यु होने पर बोर्ड की ओर से आर्थिक मदद का प्रावधान भी है। रश्मि ने कहा कि पात्र श्रमिकों को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।
शिविर में नादौन के खंड चिकित्सा अधिकारी, विभाग के अन्य चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं, जिनका श्रमिकों ने भरपूर लाभ उठाया।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।