भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने प्रदेश में आई आपदा पर कहा हर क्षेत्र में सबसे पहले मौजूद रहे भाजपा नेता

शिमला,
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डाॅ0 राजीव बिन्दल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में गत दो दिनों में बादल फटने के कारण आई आपदा की घटनाएं अत्यंत दुखदाई है। कल प्रातः 8 बजे से ही भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ता आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में लग गए थे। मण्डी जिला के पद्धर इलाके के राजपुरा गांव में बादल फटने के कारण आवागमन बाधित हो गया। भाजपा के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर तुरंत ही पैदल चलकर अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और लगातार वहीं पर रहते हुए राहत कार्यों में लगे रहे। यहां पर अभी तक 2 शव बरामद हो चुके हैं, शेष 8 लोगों के लिए राहत कार्य जारी है।
पूर्व मंत्री गोविन्द ठाकुर अपनी टीम के साथ मनाली से लेकर कुल्लू, भूंतर, मनिकर्ण और मलाणा तक पहुंचे। उनके साथ बंजार के विधायक सुरेन्द्र शौरी भी मौजूद रहे। राहत और बचाव कार्यों में प्रशासन के साथ वार्ता करते हुए मलाणा के विद्युत प्रोजेक्ट में फंसे हुए 4 कर्मियों से सम्पर्क साधा और उनके बारे में प्रशासन, प्रदेश सरकार व केन्द्र सरकार सभी को सूचित किया और मलाणा में लोगों से मिले। अभी भी सब लोग क्षेत्र में ही मौजूद हैं।
आनी के विधायक लोकेन्द्र कुमार सबसे पहले व्यक्ति हैं जो बागीपुल के घटना स्थल पर पहंुचे, जहां बादल फटने से आई आपदा से 8 घर पूरी तरह समाप्त हो गए और 7 लोग लापता हैं। तत्पश्चात लोकेन्द्र कुमार और उनकी टीम केदस गांव पहुंचे जहां 5 घर बह गए और उसके बाद समेज गांव पहुंचे जहां 36 लोग लापता हैं।
भाजपा नेता कौल नेगी अपनी टीम के साथ समेज गांव पहुंचने वाले पहले नेता रहे जहां सर्वाधित जान माल का नुकसान हुआ। जहां 36 लोग लापता है और राहत व बचाव कार्य जारी है।
डाॅ0 बिन्दल ने कहा कि आज पूरे प्रदेश के सभी भाजपा नेता अपने-अपने स्थानों पर राहत कार्यों में बढ़चढ़ कर सहयोग करेंगे। उन्होनें कहा कि मैं स्वयं एक बड़ी टीम के साथ रामपुर होते हुए आज दोपहर तक समेज गांव पहुंचुंगा और आनी विधानसभा क्षेत्र के शेष प्रभावित स्थानो पर भी जाऊंगा ताकि मौके पर हालातों पर किस प्रकार सहयोग किया जा सकता है इसकी योजना बनाई जाए। इस टीम में प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता बलवीर वर्मा, आनी के विधायक लोकेन्द्र कुमार, करसोग से विधायक दीपराज, कौली नेगी, अजय श्याम इत्यादि साथ रहेंगे।
डाॅ0 बिन्दल ने बताया कि मण्डी के कार्यकर्ता पद्धर में सहयोग करेंगे और कुल्लू जिला के कार्यकर्ता मनिकर्ण घाटी में सहयोग करेंगे।

 

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।