प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है प्रदेश सरकार: सुरेश कुमार

हमीरपुर ।

और लड़कियों की राज्य स्तरीय सब जूनियर (अंडर-15 एवं अंडर-17) बैडमिंटन प्रतियोगिता वीरवार को यहां अणु के साई स्पोर्ट्स सेंटर में आरंभ हुई। इस प्रतियोगिता में 10 जिलों के कुल 148 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए सुरेश कुमार ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं बच्चों और युवाओं का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करती हैं और उन्हें देश के अच्छे नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को अपनी आम दिनचर्या में कोई न कोई खेल अवश्य खेलना चाहिए। इससे वे शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहेंगे तथा उनके व्यक्तित्व को भी नए आयाम मिलेंगे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन के लिए हिमाचल प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन और जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए सुरेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों के ढांचे में व्यापक सुधार और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में कई बड़े निर्णय ले रही है। प्रदेश सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले हिमाचल के खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में भारी वृद्धि की है। प्रदेश के सभी जिलों में खेल के मैदानों और स्टेडियमों के निर्माण के लिए बजट का प्रावधान किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील सोनी, महासचिव शम्मी सोनी और हिमाचल प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के पूर्व महासचिव राजेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
उदघाटन अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, भोरंज के ब्लॉक अध्यक्ष विजय बन्याल, हिमाचल प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के महासचिव रमेश ठाकुर, अन्य पदाधिकारी संजय कालिया, चंद्रशेखर, ज्ञान चंद, बलवीर पटियाल, प्रदीप ठाकुर और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।