जाहू में दी महिलाओं से संबंधित अधिनियमों की जानकारी

हमीरपुर ।

महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण के लिए आरंभ की गई एक वृहद एवं समावेशी योजना ‘मिशन शक्ति’ के तहत 21 जून से 4 अक्तूबर तक चलाए जा रहे 100 दिवसीय जागरुकता अभियान ‘संकल्प’ के तहत वीरवार को जाहू कलां में जागरुकता शिविर आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय की ओर से आयोजित इस शिविर में महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए बनाए गए विभिन्न अधिनियमों और कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय की पैरा लीगल वालंटियर रविंदरजीत कौर ने महिलाओं का मार्गदर्शन करते हुए बताया कि घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाएं अपने निकटतम आंगनवाड़ी केंद्र में संबंधित संरक्षण अधिकारी के पास अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती हैं। उन्होंने पहली जुलाई से देश भर में लागू भारतीय न्याय संहिता के बारे में भी जागरुक किया तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम 2013 के विभिन्न प्रावधानों से अवगत करवाया।
निशा ने संकल्प-हब की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं के कल्याण एवं सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में स्थित संकल्प-हब में संपर्क किया जा सकता है। शिविर के दौरान चाइल्डलाइन संस्था की ममता ने 1098 नंबर पर उपलब्ध चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में बताया। जिला बाल संरक्षण अधिकारी कार्यालय से शशिपाल ने पोक्सो एक्ट की जानकारी दी। इस अवसर पर संरक्षण अधिकारी सुनील नड्डा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं भी उपस्थित रहीं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।