प्रवासी महिलाओं को बताईं महिला कल्याण एवं सशक्तिकरण की योजनाएं

हमीरपुर ।
महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण के लिए आरंभ की गई एक वृहद एवं समावेशी योजना ‘मिशन शक्ति’ के तहत 21 जून से 4 अक्तूबर तक चलाए जा रहे 100 दिवसीय जागरुकता अभियान ‘संकल्प’ के तहत बुधवार को यहां वार्ड नंबर-8 में झुग्गी बस्ती की महिलाओं और किशोरियों के लिए एक जागरुकता शिविर आयोजित किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय की ओर से आयोजित इस शिविर में जिला समन्वयक कल्पना ठाकुर ने प्रवासी महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी दी और इसके लिए पात्र महिलाओं का मौके पर ही पंजीकरण करवाया। उन्होंने प्रवासी महिलाओं की बैंक से संबंधित विभिन्न समस्याओं का निवारण भी किया।
शिविर के दौरान जेंडर स्पेशलिस्ट वंदना ठाकुर ने महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए बनाए गए विभिन्न अधिनियिमों की जानकारी दी। उन्होंने घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम और महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों से अवगत करवाया तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों को दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं की जानकारी भी दी।
उन्होंने बताया कि किसी भी तरह की हिंसा से पीड़ित महिला 181 नंबर पर उपलब्ध महिला हेल्पलाइन के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती है। अगर किसी पीड़ित महिला के पास रहने का कोई सहारा न हो तो उसे वन स्टॉप सेंटर में 5 दिन का अस्थायी आवास भी प्रदान किया जाता है। शिविर के दौरान महिलाओं को कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
-0-

 

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।