उस्नाड़ कलां में महिलाओं को बताए उनके अधिकार,मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित किया गया जागरुकता शिविर

हमीरपुर ,

ज़िला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय हमीरपुर के सौजन्य से मिशन शक्ति के अंतर्गत 100 दिन के विशेष अभियान के तहत मंगलवार को बाल विकास परियोजना बिझड़ी के गांव उस्नाड़ कलां में एक जागरुकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक किया गया तथा उन्हें कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की गईं।
शिविर में वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ नीतू राठौर ने सरकार द्वारा महिला रोज़गार हेतू चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जागरुक किया। साथ ही घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों से भी अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि किसी भी तरह की हिंसा या प्रताड़ना की शिकार महिलाएं वन स्टॉप सेंटर में 5 दिन के लिए अस्थायी आवास प्राप्त कर सकती हैं। इस दौरान पीड़ित महिला को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाती हैं।
इस अवसर पर जेंडर स्पेशलिस्ट निशा देवी ने भी महिलाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। लीगल प्रोबेशन ऑफिसर अंबिला शर्मा ने पोक्सो एक्ट और चाइल्ड लाइन संस्था की पदाधिकारी अंजू बाला ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में बताया। आंगनवाड़ी वृत के सुपरवाइजर सिद्धार्थ रिखी ने प्रतिभागियों को महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।