सैन्य सम्मान के साथ किया गया अग्निवीर का अंतिम संस्कार

हमीरपुर,

। जिला मुख्यालय के साथ लगते क्षेत्र लालहड़ी के अग्निवीर (थल सेना) निखिल कुमार का शुक्रवार को हथली के मोक्षधाम में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इससे पहले, निखिल कुमार डढवाल की पार्थिव देह दोपहर बाद जम्मू-कश्मीर से उनके पैतृक घर पहुंचाई गई। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त अमरजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक भगत सिंह, नायब तहसीलदार जगदीश चंद और अन्य अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।
इसके बाद निखिल कुमार की पार्थिव देह को सेना के वाहन में ही हथली खड्ड के मोक्षधाम तक लाया गया, जहां भारतीय थल सेना के ब्रिगेडियर एमएस बैंस, कर्नल अजय कुमार, लेफ्टिनेंट कर्नल वरुण गांधी, कैप्टन साहिल कुमार, नायब तहसीलदार जगदीश चंद और अन्य अधिकारियों, निखिल के पिता दलेर सिंह और ताया देवी दत्त ने पुष्प चक्र अर्पित करके श्रद्धांजलि दी। कैप्टन साहिल कुमार ने निखिल कुमार के पिता दलेर सिंह को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा तथा सैन्य टुकड़ी ने शस्त्र उलटे करके तथा हवा में फायर करके निखिल को अंतिम विदाई दी। निखिल के भाई अखिल डढवाल ने पार्थिव देह को मुखाग्नि दी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।