आईटीआई हमीरपुर में इंटरव्यू 24 को, सभी ट्रेडों के अभ्यर्थी ले सकते हैं भाग

हमीरपुर ,

प्रसिद्ध कंपनी माइक्रो टर्नर्स प्राइवेट लिमिटेड बुधवार 24 जुलाई को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हमीरपुर में सभी ट्रेड्स के आईटीआई डिप्लोमाधारक युवाओं के साक्षात्कार लेगी।
संस्थान के प्रधानाचार्य सुभाष चंद शर्मा ने बताया कि वर्ष 2019 से 2024 तक के सत्रों में पास अभ्यर्थी इस साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि साक्षात्कार में कंपनी द्वारा चयनित उम्मीदवारों को राष्ट्रीय प्रशिक्षुता संवर्द्धन योजना (एनएपीएस) के अंतर्गत एक वर्ष के लिए अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग दी जाएगी। ट्रेनिंग के दौरान उन्हें 11,600 रुपये स्टाइपेंड और 50 रुपये प्रति घंटा की दर से ओवर टाइम भत्ता दिया जाएगा।
अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग में उम्मीदवारों की  परफॉर्मेंस  और कंपनी की जरुरत के आधार पर उन्हें कंपनी की पॉलिसी के अनुसार नियमित रोजगार दिया जाएगा। उम्मीदवार को उसकी  परफॉर्मेंस, उपस्थिति और अच्छे व्यावहारिक कौशल के आधार पर दस प्रतिशत वेतनवृद्धि भी मिलेगी। इसके अलावा कंपनी की ओर से विभिन्न भत्ते, कैंटीन और अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
प्रधानाचार्य ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों, आधार कार्ड तथा इनकी 3-3 फोटो प्रतियों और 5 पासपोर्ट साइज फोटो के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए आईटीआई हमीरपुर के दूरभाष नंबर 01972-222609 पर संपर्क किया जा सकता है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।