उच्च स्तरीय टीम ने की आरसेटी की गतिविधियों की सराहना

हमीरपुर ,

ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के राष्ट्रीय निदेशक जी. मुरुगेसन और राष्ट्रीय ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान अकादमी बेंगलुरु के महानिदेशक राजू एन कौरी की एक उच्च स्तरीय टीम ने मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों, वित्तीय वर्ष 2023-24 और वित्तीय वर्ष 2024-25 के लक्ष्यों के बारे में विस्तृत रिपोर्ट ली।
इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर के निदेशक अजय कतना ने उच्च स्तरीय टीम के सदस्यों का स्वागत किया और उन्हें संस्थान की विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों से अवगत करवाया।
निरीक्षण के लिए पहली बार हमीरपुर पहुंचे इन अधिकारियों ने आरसेटी की रिपोर्ट की काफी सराहना की तथा संस्थान की गतिविधियों के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव एवं दिशा-निर्देश भी दिए।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।