कोहलवीं की महिलाओं ने सीखा फास्ट फूड बनाना, आरसेटी ने आयोजित किया 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर

हमीरपुर,

पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) ने तहसील गलोड़ के गांव कोहलवीं की महिलाओं के लिए दस दिवसीय फास्ट फूड प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया।
शिविर के दौरान 28 महिलाओं ने भेलपूरी, पानपूरी, बर्गर, चाउमीन, मोमोज, सिड्डू फ्राइड चावल, दही-भल्ला, मैक्रोन और कई अन्य व्यंजन बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर के बाद मट्टनसिद्ध में स्थित आरसेटी के मुख्यालय में इन प्रतिभागी महिलाओं का मूल्यांकन भी किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक वीरेंद्र चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और प्रतिभागी महिलाओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने महिलाओं को उद्यमिता के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। क्षेत्रीय प्रबंधक ने महिलाओं से आग्रह किया कि वे विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ उठाकर अपना उद्यम स्थापित कर सकती हैं। उन्हें इसके लिए आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने मुख्य अतिथि और सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।