हमीरपुर मेडिकल कालेज में जुड़ेगा एक और अध्याय,प्रदेश सरकार ने कार्डियोलॉजी विभाग की स्थापना को दी है मंजूरी

हमीरपुर ।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के ड्रीम प्रोजेक्ट डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अब एक और नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। 12 जुलाई को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में कार्डियोलॉजी विभाग यानि हृदय रोग विभाग की स्थापना को मंजूरी प्रदान की गई है।
इस महत्वपूर्ण विभाग के संचालन के लिए प्रदेश सरकार ने प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर और सीनियर रेजिडेंट चिकित्सकों के तीन पद सृजित करने का निर्णय लिया है। कार्डियोलॉजी विभाग की स्थापना से हृदय रोगियों को हमीरपुर में ही सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्हें पीजीआई चंडीगढ़, एम्स, आईजीएमसी शिमला या प्राइवेट अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा। मेडिकल के विद्यार्थियों को भी यहां कार्डियोलॉजी में स्पेशलाइजेशन और सुपर स्पेशलाइजेशन करने का अवसर मिलेगा।
डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में अत्याधुनिक सुविधाओं के प्रावधान के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू कई महत्वपूर्ण निर्णय ले रहे हैं। उनके दिशा-निर्देशों के अनुसार जोल सप्पड़ में इस महाविद्यालय के नए परिसर के पहले चरण का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस नए परिसर के दूसरे चरण में नर्सिंग कालेज, कैंसर केयर यूनिट, मातृ-शिशु अस्पताल और कई अन्य ब्लॉकों के निर्माण के लिए भी सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
अब इसी कालेज में कार्डियोलॉजी विभाग के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी, जिससे जिला हमीरपुर और इसके साथ सटे जिला ऊना, कांगड़ा, मंडी और बिलासपुर के विभिन्न इलाकों के हृदय रोगियों को घर के पास ही अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगीं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।