11 जुलाई शाम 6 बजे तक लागू रहेगी निषेधाज्ञा

जिलाधीश ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा-163 के तहत जारी किए आदेश

हमीरपुर ।

विधानसभा क्षेत्र 38-हमीरपुर में मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं। इसी क्रम में  जिलाधीश अमरजीत सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा-163 के तहत जिले भर में 11 जुलाई शाम 6 बजे तक निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
जिलाधीश द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा-163 के तहत जारी आदेश के अनुसार 8 जुलाई को शाम 6 बजे चुनाव प्रचार की समाप्ति के समय से लेकर मतदान की समाप्ति के एक दिन बाद यानि 11 जुलाई शाम 6 बजे तक जिले भर में किसी भी तरह के जुलूस और जनसभा के आयोजन या 5 से अधिक लोगों के एकत्रित होने और लाउडस्पीकरों के प्रयोग पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। हालांकि, इस दौरान डोर टू डोर प्रचार किया जा सकता है।
जिलाधीश ने बताया कि डयूटी पर तैनात सुरक्षा बलों और कानून व्यवस्था से संबंधित अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों पर यह आदेश लागू नहीं होगा। उन्होंने सभी जिलावासियों से इन आदेशों की अक्षरशः अनुपालना की अपील की है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।