कमीशनिंग के बाद स्ट्रांग रूम में रखीं ईवीएम-वीवीपैट: अमरजीत सिंह

हमीरपुर।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 38-हमीरपुर के उपचुनाव में प्रयोग की जाने वाली ईवीएम-वीपीपैट की कमीशनिंग यानि इन्हें निर्वाचन के लिए तैयार करने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है और कमीशनिंग के बाद इन्हें वापस स्ट्रांग रूम में रख दिया गया है।
अमरजीत सिंह ने बताया कि स्ट्रांग रूम को खोलने और कमीशनिंग के बाद इसे सील करने की पूरी प्रक्रिया सभी उम्मीदवारों या उनके आधिकारिक एजेंटों की उपस्थिति में पूर्ण की गई।
उधर, एसडीएम एवं हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार सोनी ने बताया कि ईवीएम-वीवीपैट की कमीशनिंग प्रक्रिया मंगलवार सुबह ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कमरा नंबर 308 में आरंभ की गई और इसे देर रात तक पूर्ण कर लिया गया। कमीशनिंग के बाद ईवीएम-वीवीपैट को स्ट्रांग रूम में रख दिया गया तथा स्ट्रांग रूम को सील कर दिया गया। इस दौरान सभी उम्मीदवार या उनके आधिकारिक प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।