निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षकों ने एफएसटी और एसएसटी को दिए निर्देश

हमीरपुर ।

विधानसभा क्षेत्र 38-हमीरपुर के उपचुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सामान्य पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किए गए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी चंद्रभूषण त्रिपाठी और व्यय पर्यवेक्षक आनंद कुमार लगातार फील्ड में जाकर निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित की जा सके तथा किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि एवं उम्मीदवारों के चुनावी खर्च पर कड़ी नजर रखी जा सके।
रविवार को भी चंद्रभूषण त्रिपाठी और आनंद कुमार ने अमरोह चौक के पास नादौन विधानसभा क्षेत्र की सीमा पर तैनात स्टैटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) और फ्लाइंग स्क्वैड टीम (एफएसटी) का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान दोनों पर्यवेक्षकों ने एसएसटी और एफएसटी के रजिस्टरों एवं रिकॉर्ड की चैकिंग की। उन्होंने दोनों टीमों को हर समय अलर्ट रहने तथा सभी वाहनों की चैकिंग करने के निर्देश दिए।
सामान्य पर्यवेक्षक चंद्रभूषण त्रिपाठी ने अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि वे वाहनों की चैकिंग के समय वाहन चालकों एवं यात्रियों के साथ शालीनता बरतें। लेकिन, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अनुपालना में जरा भी ढील न बरतें।
व्यय पर्यवेक्षक आनंद कुमार ने कहा कि एफएसटी एवं एसएसटी के नाकों एवं मूवमेंट में औचकता का विशेष ध्यान रखें, ताकि संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर शिकंजा कसा जा सके।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।