मैगा मॉक एक्सरसाइज में किया बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास

मसियाणा, जाहू, गौना, जोल पलाही और बड़सर में चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन

हमीरपुर ।

बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदा से बचाव एवं प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के अभ्यास के लिए शुक्रवार को जिला हमीरपुर में भी राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) की निगरानी में मैगा मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई।
मैगा मॉक एक्सरसाइज के लिए पूर्व निर्धारित परिदृश्य के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे जिला हमीरपुर में भारी बारिश और बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया। इसके बाद जिला के विभिन्न उपमंडलों में पांच स्थानों पर बाढ़ एवं भूस्खलन में लोगों के फंसने की सूचनाएं प्राप्त हुईं। बाढ़ एवं भूस्खलन के खतरे और वहां लोगों के फंसने की सूचनाएं मिलते ही जिला एवं उपमंडल स्तर पर इंसीडेंस रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) तुरंत हरकत में आ गया।
बचाव एवं राहत कार्यों को सुनियोजित एवं प्रभावी ढंग से अंजाम देने के लिए  हमीरपुर उपमंडल में दोसड़का के पुलिस मैदान में स्टेजिंग एरिया बनाया गया। नादौन उपमंडल में गौना स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के परिसर में, बड़सर के डिग्री कालेज परिसर में, सुजानपुर के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में और भोरंज उपमंडल के जाहू में स्टेजिंग एरिया बनाया गया। स्टेजिंग एरिया से ही सभी रेस्क्यू टीमों, मशीनरी और अन्य संसाधनों को आपदा प्रभावित स्थानों की ओर रवाना किया गया।
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने उपायुक्त कार्यालय परिसर के वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष से मैगा मॉक एक्सरसाइज की निगरानी की तथा रेस्क्यू ऑपरेशनों के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर एसपी भगत सिंह और एनडीआरएफ की ओर से ऑब्जर्वर के रूप में डिप्टी कमांडेंट अनिल तलकोत्रा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इस दौरान शिमला से राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, एसडीएमए के निदेशक एवं विशेष सचिव डीसी राणा और एनडीएमए के कंसल्टेंट मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) सुधीर बहल ने मैगा मॉक एक्सरसाइज की लाइव रिपोर्ट ली तथा जिला के आईआरएस में कमियों एवं इनमें सुधार के संबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।
एसडीएम हमीरपुर मनीष कुमार सोनी ने बताया कि गांव मसियाणा में भूस्खलन में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू टीमें रवाना की गईं। इन टीमों ने मसियाणा में रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया।
एसडीएम भोरंज संजय स्वरूप ने बताया कि जाहू में बाढ़ में फंसे 27 लोगों और 6 पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाहू में भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
एसडीएम नादौन अपराजिता चंदेल ने बताया कि गौना में बाढ़ से घिरे लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया तथा उनके लिए राहत शिविर लगाया गया।
एसडीएम बड़सर राजेश गौतम ने बताया डिग्री कालेज बड़सर के परिसर के आस-पास भूस्खलन में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू टीमें लगाई गई। इन टीमों ने 12 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला।
एसडीएम सुजानपुर डॉ. रोहित शर्मा ने बताया कि सुजानपुर के निकट जोल पलाही में बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।
मैगा मॉक एक्सरसाइज के अंत में उपायुक्त अमरजीत सिंह और एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट अनिल तलकोत्रा ने एसडीएमए के समक्ष विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।