शिमला,
हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपचुनावों में चुने गए छह विधायकों को बुधवार को प्रदेश विधानसभा परिसर में स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें कांग्रेस के चार यानी गगरेट से राकेश कालिया, कुटलैहड़ से विवेक शर्मा, लाहौल-स्पीति से अनुराधा राणा और सुजानपुर से कैप्टन रंजीत राणा ने शपथ ली। भाजपा के दो विधायक धर्मशाला से सुधीर शर्मा और बड़सर से इंद्रदत्त लखनपाल ने भी शपथ ली। इनमें विवेक शर्मा, अनुराधा राणा और कैप्टन रंजीत राणा को पहली बार प्रदेश विधानसभा के लिए चुना गया है। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित कैबिनेट मंत्री, विधायक व अन्य गणमान्य मौजूद रहे। वहीं इंद्रदत्त लखनपाल को दोबारा शपथ लेनी पड़ी। लखनपाल ने शपथ लेते समय ईश्वर की शपथ शब्द नहीं बोला। इसलिए विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें दोबारा से शपथ लेने का कहा।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि आज नवनिर्वाचित छह सदस्यों को शपथ दिलाई गई है। सभी को शुभकामनाएं व बधाई। कहा कि सदस्यों को विधानसभा अध्यक्ष के तौर पर सदन में पूरा सहयोग मिलेगा। उनसे भी उम्मीद है कि हिमाचल के हित्त से जुड़े विषयों को विधानसभा में उठकर जन कल्याण में अपना सहयोग देंगे।
वहीं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा 4 जून को सरकार बनाने की बात कर रही थी। कांग्रेस को बहुमतके लिए एक सीट की जरूरत थी, लेकिन उपचुनाव में हमने चार सीटें जीतीं और 38 पर पहुंच गए हैं। अब साढ़े तीन साल हमने जनता के कार्य करने हैं। हिमाचल को आत्म निर्भर बनाने की दिशा में कई फैसले लिए और ले रहे हैं। सीएम ने कहा कि भाजपा ने बिके हुए प्रत्याशियों को टिकट दिया और जनता उन्हें बाहर का रास्ता दिखाने में 80 फीसदी तक सफल हुई।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से लाहौल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक अनुराधा राणा तथा कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक विवेक शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल के साथ से भेंट की। मुख्यमंत्री ने विधानसभा उपचुनाव जीतने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया की कि प्रदेश सरकार उनके विधानसभा क्षेत्रों के विकास के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
– लाहौल-स्पीति की नवनिर्वाचित विधायक अनुराधा राणा हिमाचल प्रदेश विधानसभा में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के लिए पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचीं। अनुराधा राणा ने विस उपचुनाव में कांग्रेस के टिटक पर जीत दर्ज की है। 52 साल बाद लाहौल-स्पीति को एक महिला विधायक मिली हैं। इस दौरान उनके साथ मनाली से कांग्रेस विधायक भुवनेश्वर गौड़ भी मौजूद रहे। अनुराधा राणा और विवेक शर्मा ने उपचुनाव में उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किए गए बहुमूल्य प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।
इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि रविवार को शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री ने कार्यभार संभाला। केंद्रीय मंत्रिमंडल की पहली बैठक की अध्यक्षता की और दो बड़े निर्णय लिए।
इस मौके पर नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने नए विधायकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया । जिसके चलते लोकसभा की चारों सीटों पर दर्ज की है। विधानसभा में बीजेपी ने दो सिटें हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि उपचुनावों के लिए तीन उम्मीदवारों पर जल्द ही हाई कमान फैसला लेंगे।

Author: Himachal Samvaad







