14 को होगी मॉक ड्रिल, 12 को होगी टेबल टॉप एक्सरसाइज

हमीरपुर ।

भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदा से बचाव के अभ्यास के लिए 14 जून को आयोजित की जाने वाली प्रदेशव्यापी मॉक ड्रिल के तहत जिला हमीरपुर में भी मॉक ड्रिल की जाएगी।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के सहयोग से आयोजित की जा रही इस मॉक ड्रिल की तैयारियों के लिए शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से एक अभिविन्यास एवं समन्वय सम्मेलन आयोजित किया गया। इस वर्चुअल सम्मेलन में आपदा प्रबंधन से संबंधित जिला के प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।
उपायुक्त कार्यालय परिसर के वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष में उपस्थित इन अधिकारियों को आपदा प्रबंधन एवं मॉक ड्रिल से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। सम्मेलन के दौरान शिमला से एसडीएमए के निदेशक एवं विशेष सचिव डीसी राणा और दिल्ली से एनडीएमए के सीनियर कंसल्टेंट मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) सुधीर बहल ने आपदा प्रबंधन, इंसीडेंस रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) यानि घटना प्रतिक्रिया प्रणाली और मॉक ड्रिल के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
डीसी राणा ने बताया कि भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदा से बचाव के अभ्यास के लिए 14 जून को महत्वपूर्ण मॉक ड्रिल करवाई जा रही है। मॉक ड्रिल से पहले 12 जून को टेबल टॉप एक्सरसाइज की जाएगी, जिसमें मॉक ड्रिल की व्यापक रूपरेखा तय की जाएगी। उन्होंने जिला हमीरपुर के अधिकारियों को भी इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एडीसी मनेश यादव, एसडीएम हमीरपुर मनीष कुमार सोनी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अंकुश शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी जसपाल सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री, डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट, मॉक ड्रिल के लिए थल सेना की ओर से नियुक्त कैप्टन अतुल पाटिल, डीएसपी सुनील दत्त ठाकुर और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।