21 जून को 11 स्थानों पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाएगा आयुष विभाग

हमीरपुर।

दसवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर आयुष विभाग 21 जून को जिला हमीरपुर में 11 चिन्हित स्थानों पर विशेष योग शिविर आयोजित करेगा। इन शिविरों में विभाग के योग प्रशिक्षक आम लोगों को योगाभ्यास करवाएंगे।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. देशराज वर्मा ने बताया कि जिला मुख्यालय हमीरपुर में बचत भवन के अतिरिक्त एनआईटी परिसर हमीरपुर, तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर, कॅरियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी खरवाड़, राजकीय वानिकी एवं औद्यानिकी महाविद्यालय नेरी, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़सर, आर्य समाज मंदिर नादौन, बाबा बालक नाथ ट्रस्ट दियोटसिद्ध, सामुदायिक भवन पखरोल (किटपल) और जिला पंचायत संसाधन केंद्र सलासी में भी योग शिविर लगाए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त जिला हमीरपुर के अंतर्गत आने वाले 71 आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा 5 आयुर्वेदिक अस्पतालों में भी 30 मई से ही योग से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ने बताया कि इन गतिविधियों में 5 हजार से भी ज्यादा लोगों तथा स्कूली विद्यार्थियों को योग के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया गया है।
डॉ. देशराज वर्मा ने बताया कि योग प्राचीन भारतीय परंपरा एवं संस्कृति की अमूल्य देन है और वर्तमान जीवन शैली में योग को अपनाकर हम पूर्ण रूप से स्वस्थ रह सकते हैं। उन्होंने सभी जिलावासियों से 21 जून को आयोजित किए जाने वाले योगाभ्यास सत्रों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।