विधायक आशीष शर्मा ने मंगलवार को लोकसभा चुनावों के मद्देनजर तीन पंचायतों में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया

हमीरपुर।
विधानसभा क्षेत्र सदर से विधायक आशीष शर्मा ने मंगलवार को लोकसभा चुनावों के मद्देनजर तीन पंचायतों में गाँववार नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत धनेड के गाँवों तलासी कलां, तलासी खुर्द, खटवीं, लिंगवीं, ग्राम पंचायत सेर बलोनी के गाँवों सेर, बलोनी, किरवीं, चमसाई, फारसी और ग्राम पंचायत बाड़ी फरनोल के डल्याहु, कलरी गाँवों में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया। इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के चचेरे भाई अरविंद धूमल विशेष रूप से मौजूद रहे। इस मौके पर विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि यह चुनाव राष्ट्र के विकास व खुशहाली का चुनाव है। सभी लोकतंत्र के इस महायज्ञ में बढ़चढ़कर भाग लें और ज्यादा से ज्यादा मतदान भाजपा के पक्ष में करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश अगर विकास के पथ पर निरंतर चल रहा है तो यह केवल प्रधानमंत्री मोदी के कारण संभव हो पाया है। अगर भारत पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यस्था बना है तो सशक्त नेतृत्व के कारण हुआ है। आज देश में आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है और मोदी के कार्यकाल में कोई भी आंतकवादी घटना देश के अंदर नहीं हुई है। जबकि उससे पूर्व आए दिन बम धमाकों की खबरें आती रहती थी। उन्होंने सभी से अपील की है कि अगर कोई कांग्रेस विचारधारा से भी संबंधित है तो वह भी अपना वोट खराब न करे और देश के उज्जवल भविष्य के लिए भाजपा को वोट दें। उन्होंने कहा कि बीते दस सालों में जो विकास देश का हुआ है वह पहले के साथ सालों में नहीं हो पाया है। एक व्यक्ति आज अपना सब कुछ न्योछावर कर प्रधानसेवक बन देश को सेवा कर रहा है और दूसरी ओर कांग्रेस व इंडिया गठबंधन वालों को महज सत्ता की भूख है। विधायक आशीष शर्मा ने सभी से अनुराग ठाकुर को भारी मतों से विजयी बनाकर केंद्र में भेजने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से ही अनुराग ठाकुर को चालीस हजार से अधिक मत दिलाए जाएंगे। अनुराग ठाकुर इस बार पांच लाख से अधिक मतों से विजय प्राप्त कर केंद्र में हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र की आवाज बुलंद करेंगे। इस मौके पर अरविन्द धूमल ने भी भाजपा के पक्ष में भारी संख्या में मतदान करने की अपील की। इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष अजय शर्मा, स्वाति जार, पंचायत प्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।